
AINS NEWS… राजधानी के पॉश इलाके कटोरा तालाब स्थित एक ब्यूटी पार्लर एंड स्पा सेंटर में मंगलवार (25 फरवरी 2026) को स्पा कराने की जिद पर अड़े दो युवकों ने संचालिका से विवाद के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। सिविल लाइन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिकायत के महज 2 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हवाई फायरिंग की इस घटना से स्पा संचालिका और आसपास के लोग दहशत में आ गए। डर के कारण संचालिका ने रात में रिपोर्ट नहीं लिखाई, लेकिन अगले दिन दोपहर में हिम्मत जुटाकर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया।
सूचना मिलते ही डीसीपी (मध्य) के निर्देशन में पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने मात्र 2 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सुनील कुमार पाण्डेय (46), जो उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का रहने वाला है और रायपुर में प्राइवेट पीएसओ (PSO) का काम करता है, ने ही फायरिंग की थी। उसका साथी अंगद सिंह (33) पेशे से ड्राइवर है।




