RAIPUR

प्रेस क्लब के वेबसाइट और यूट्यूब चैनल का शुभारंभ, डिजिटल दौर में रायपुर प्रेस क्लब की बड़ी पहल

पत्रकारिता को नए प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में कदम

AINS NEWS… रायपुर प्रेस क्लब ने डिजिटल युग के साथ कदम मिलाते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी द्वारा क्लब को हाईटेक बनाने के संकल्प के तहत अधिकृत वेबसाइट और यूट्यूब चैनल का शुभारंभ किया गया। हिन्दू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वदेश समूह के संपादक अतुल तारे मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा की अध्यक्षता में विधिवत लॉन्चिंग संपन्न हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब सभागार में वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा बटन दबाकर प्रेस क्लब की वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस पहल को पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब प्रेस क्लब की गतिविधियां, कार्यक्रम, संवाद और पत्रकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां डिजिटल माध्यम से भी व्यापक स्तर पर उपलब्ध होंगी।

डिजिटल युग में अपडेट रहना जरूरी: अतुल तारे
मुख्य अतिथि अतुल तारे ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय पूरी तरह डिजिटल मीडिया का है और पत्रकारों के लिए इसके साथ खुद को अपडेट करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब का यह यूट्यूब चैनल और वेबसाइट पत्रकारों को अपनी बात और खबरों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का सशक्त मंच प्रदान करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है, ऐसे में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता करना अत्यंत आवश्यक है।

समय की जरूरत है डिजिटल प्लेटफॉर्म: पंकज झा
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंकज झा ने कहा कि सूचना के माध्यम तेजी से बदल रहे हैं और डिजिटल प्लेटफॉर्म पत्रकारिता का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय पत्रकारों को एक मजबूत डिजिटल पहचान मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मंच पत्रकारों की रचनात्मकता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

बदलाव के साथ कदम मिलाने का संकल्प: मोहन तिवारी
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि यह केवल एक यूट्यूब चैनल का शुभारंभ नहीं, बल्कि पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के साथ कदम मिलाने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि प्रेस क्लब लगातार अपने सदस्यों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए नवाचार कर रहा है।
उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से अपील की कि वे इस डिजिटल मंच से जुड़कर इसे मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा इस पहल को ऐतिहासिक बताया गया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेंद्र जांगड़े सहित पूर्व अध्यक्ष बृजेश चौबे, प्रकाश शर्मा, अनिल पुसदकर तथा वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, ठाकुर राम साहू, गोकुल सोनी, संदीप पुराणिक, प्रदीप दुबे, संतोष साहू, अनिल द्विवेदी, जयप्रकाश शर्मा, भरत योगी, नारद, शंकर चंद्राकर, कमलाकांत, प्रदीप डडसेना, संजय शुक्ला, दीपेश सोनी, सुखनंदन बंजारे, लवलेश द्विवेदी, अजीत शर्मा, लक्की, परमानंद वर्मा, अजीत यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button