आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को सौंपी गई छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक डीजीपी की जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के रहने वाले अरुण देव गौतम छत्तीसगढ़ कैडर के बेहद अनुभवी अधिकारियों में माने जाते हैं

AINS NEWS… लंबे इंतजार और कानूनी हलचल के बीच आखिरकार छत्तीसगढ़ को नया पूर्णकालिक डीजीपी मिल गया। राज्य शासन ने आदेश जारी करते हुए 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को प्रदेश का स्थाई पुलिस महानिदेशक नियुक्त कर दिया है। वे पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा के बाद अब प्रदेश पुलिस की कमान संभालेंगे।

पिछले कुछ समय से छत्तीसगढ़ में पूर्ण कालिक डीजीपी की नियुक्ति को लेकर चर्चा तेज थी, मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां शीर्ष अदालत ने इस संबंध में यूपीएससी से जवाब मांगा था। इसके बाद संघ लोक सेवा आयोग ने भी राज्य सरकार को नोटिस जारी कर पूछा था कि नियमित डीजीपी की नियुक्ति प्रक्रिया आखिर कहां तक पहुंची है। इसी बीच सरकार ने तेजी दिखाते हुए अरुण देव गौतम के नाम पर मुहर लगा दी।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के रहने वाले अरुण देव गौतम छत्तीसगढ़ कैडर के बेहद अनुभवी अधिकारियों में माने जाते हैं। प्रशासनिक पकड़ शांत कार्य शैली और लंबा अनुभव उनकी पहचान रहा है। वे राज्य में सबसे लंबे समय तक गृह सचिव की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों में भी शामिल है। शासन और पुलिस प्रशासन दोनों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।




