वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों का हमला, उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे अधिकारी
1 लाख पेड़ काटे, 106 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा

AINS NEWS गरियाबंद… उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण हटाने पहुंचे विभाग के उपनिदेशक और वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन विभाग की टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान उदंती-सीतानदी उपनिदेशक वरुण जैन को भी ग्रामीणों ने घेर लिया। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक खींचतान होती रही।

1 लाख पेड़ काटे, 106 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला जैतपुरी गांव का है, जहां वन विभाग अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा था। सेटेलाइट इमेजरी और ड्रोन सर्वे में करीब 1 लाख पेड़ों की कटाई और 106 हेक्टेयर जमीन पर कब्जे का खुलासा हुआ था। इस मामले में 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई चल रही थी।
ग्रामीणों ने गिरफ्तारी का किया विरोध, टीम को घेरा
बताया गया कि वन विभाग की टीम उपनिदेशक वरुण जैन के नेतृत्व में कार्रवाई और गिरफ्तारी के लिए जैतपुरी गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने उपनिदेशक समेत पूरी टीम को घेर लिया। जैतपुरी गांव में वन विभाग की कार्रवाई का विरोध करते ग्रामीणों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। इस घटना के बाद से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि घटना की सूचना मिलते ही हालात संभालने के लिए सिहावा थाना पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
समाचार लिखे जाने तक प्राप्त जानकारी के मुताबिक मामले में 162 अतिक्रमणकारी है, जिन्हें सरेंडर करने के लिए पांच दिनों की मोहलत दी गई है। बताया गया कि सोमवार को हुए इस घटना में फिलहाल उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक ने शिकायत दर्ज कराई है। वहीं विभाग ने चार लोगों की गिरफ्तारी की है।




