अन्नदाता के हक में किसान संघ की हुंकार, खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति की मांग
कहा— किसान हितों से समझौता नहीं

AINS NEWS गरियाबंद/रायपुर… खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर भारतीय किसान संघ ने राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। संघ ने मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में किसानों को खाद एवं बीज की संपूर्ण और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

भारतीय किसान संघ ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसान देश की खाद्य सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी निभा रहा है, लेकिन कृषि उत्पादन के लिए समय पर खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता जरूरी है। यदि इनकी कमी होती है तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा।
संघ ने ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में खाद की कालाबाज़ारी लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। संगठन का आरोप है कि इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से किसानों को अधिक कीमत पर खाद खरीदने की मजबूरी झेलनी पड़ती है। किसान संघ ने सरकार से मांग की कि खरीफ सीजन में किसी भी स्तर पर खाद और बीज की कमी न होने दी जाए।

किसान संघ की प्रमुख मांगें:
* समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए और किसानों को प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी और दो बोरी यूरिया दिया जाए।
* निजी खाद विक्रेताओं की निगरानी कर किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराई जाए और अधिक कीमत लेने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
* एग्रीस्टैक में पंजीकृत किसानों को समितियों में नगद भुगतान के माध्यम से खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो।
* नैनो डीएपी और नैनो यूरिया की कीमत कम कर किसानों को अधिक मात्रा में उपलब्ध कराया जाए।
* कृषि कार्य के लिए किसानों को कंटेनर और जेरीकैन में डीजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो।
* समितियों में गुणवत्तापूर्ण बीजों का भंडारण कराया जाए।
* हरी खाद के लिए ढेंचा, सन और मूंग जैसे बीज सस्ती दरों पर उपलब्ध कराए जाएं।
भारतीय किसान संघ ने कहा कि किसान हितों की अनदेखी होने पर संगठन भविष्य में बड़े आंदोलन के लिए बाध्य हो सकता है।
ये रहे उपस्थित-भारतीय किसान संघ जिला अध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर, जिला मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत, अभिमन्यु ध्रुव, तहसील अध्यक्ष गंगूराम साहू, मंत्री जितेशवर साहू, उपाध्यक्ष धनीराम साहू, कोषाध्यक्ष गंगाराम सिन्हा, पारस देवांगन ललित निषाद, महेंद्र पाल, कृष्ण कुमार साहू,छबीराम, इच्छा राम सिन्हा,हरीश चन्द्राकार,भगवती,सुशील ध्रुव,शारदाचरण, टिकेश्वर साहू, प्रकाश निर्मलकर जिला अध्यक्ष गौ सेवा आयोग,




