राजनीति

कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासी खींचतान, बैज-सिंहदेव की बयानबाजी के बीच भूपेश का बड़ा बयान

भूपेश बोले- टीएस सिंहदेव के बयानों पर नहीं देता प्रतिक्रिया

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जारी सियासी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। टीएस सिंहदेव और दीपक बैज के बीच चल रही बयानबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान जब भूपेश बघेल से टीएस सिंहदेव के बयान पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा, “मैं टीएस सिंहदेव के बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देता।”

भूपेश बघेल ने कहा कि दीपक बैज पिछले साढ़े तीन साल से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे हैं और संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष या प्रदेश अध्यक्ष किसे बनाना है, इसका फैसला पार्टी हाईकमान करता है।

भूपेश ने कहा, “मैं इन चीजों में अपनी बुद्धि नहीं लगाता।”

*कैसे शुरू हुआ विवाद?*

दरअसल, हाल ही में एक इंटरव्यू में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे इसके लिए तैयार हैं।

इसके बाद PCC चीफ दीपक बैज ने बयान दिया कि “बाबा साहब बड़े नेता हैं, उन्हें दिल्ली में काम करना चाहिए। प्रदेश में युवाओं को मौका मिलना चाहिए।”

बैज के इस बयान पर सिंहदेव ने पलटवार करते हुए कहा था कि वे आज भी खुद में युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करते हैं और छत्तीसगढ़ में ही काम करना चाहते हैं।

सिंहदेव ने यह भी कहा था कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने क्षेत्र और संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने इशारों में यह भी कहा कि बड़े नेताओं की बात हो रही है तो यह भी देखना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा।

*कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान तेज*

बैज और सिंहदेव के बीच लगातार हो रही बयानबाजी के बाद कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर अंदरूनी खींचतान तेज हो गई है। अब भूपेश बघेल के बयान ने इस सियासी बहस को और हवा दे दी है।

Related Articles

Back to top button