सफरीभांठा में अवैध मुरुम उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
शासकीय भूमि कब्जा, मार्ग अवरुद्ध और अवैध निर्माण हटाने की मांग, कलेक्टर से जांच की गुहार

AINS NEWS… बिलासपुर जिले के ग्राम सफरीभांठा के ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर अवैध मुरुम, रेत और मिट्टी उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पैजनिया निवासी जितेन्द्र लहरे द्वारा पिछले दो से तीन वर्षों से शासकीय भूमि पर कब्जा कर बड़े पैमाने पर अवैध मुरुम की खुदाई और बिक्री की जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि लगभग 10 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण कर 10 से 20 फीट तक गहरी खुदाई की गई है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि सफरीभांठा से विजयपुर जाने वाले मुख्य धरसा मार्ग पर अवरोध खड़ा कर लोगों की आवाजाही प्रभावित की गई है। इसके अलावा शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण और प्रतिदिन कई हाइवा वाहनों से मुरुम परिवहन किए जाने से गांव की सीसी सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है तथा दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध उत्खनन, अतिक्रमण और निर्माण पर रोक लगाने तथा नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।





