RAIPUR

“स्टार्ट टू स्टडी” कार्यक्रम में करियर मार्गदर्शन और जादू का अद्भुत संगम, विद्यार्थियों ने लिया भरपूर लाभ

शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है

AINS NEWS… जेसी जेएफएम एचजीएफ अंकित दास मानिकपुरी, सचिव, जेसीआई रायपुर संस्कार ने जानकारी देते हुए बताया कि जेसीआई रायपुर संस्कार द्वारा आयोजित “स्टार्ट टू स्टडी” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन विमतारा हॉल, मधु पिल्लई चौक, शांति नगर, रायपुर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने सहभागिता कर ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक सत्रों का लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि डॉ. जायेंद्र नारंग, डायरेक्टर, आंजनेय यूनिवर्सिटी, रायपुर रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच एवं निरंतर परिश्रम के माध्यम से सफलता प्राप्त करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि कविता राठी ने कहा कि जेसीआई रायपुर संस्कार सदैव समाज हित एवं छात्र हित के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाती रही है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास विद्यार्थियों एवं समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा समाज के सभी वर्गों को भी इन जनहितकारी कार्यों में हर संभव सहयोग एवं समर्थन प्रदान करना चाहिए।

उद्घाटन सत्र के पश्चात कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भव्य मैजिक शो रहा। बिलासपुर से पधारे प्रसिद्ध जादूगर शोमेश थापा एवं उनके गुरु सजल अग्रवाल (नई दिल्ली) ने अपने हैरतअंगेज, रोमांचक एवं मंत्रमुग्ध कर देने वाले जादुई प्रदर्शनों से पूरे सभागार को आश्चर्यचकित कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस शो में दर्शक जादू के अद्भुत करतबों को देखकर दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। बच्चों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुतियों का आनंद लिया तथा पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

मैजिक शो के पश्चात देश के प्रख्यात मनोवैज्ञानिक, करियर गाइड एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. जवाहर सूरीसेट्टी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए समय प्रबंधन, अध्ययन की प्रभावी तकनीकों, परीक्षा की तैयारी, करियर चयन एवं व्यक्तित्व विकास पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दिन के 24 घंटों को तीन समान भागों में विभाजित करना चाहिए। पहले 8 घंटे अध्ययन एवं कार्य के लिए, दूसरे 8 घंटे परिवार, सामाजिक जीवन एवं व्यक्तिगत विकास के लिए तथा अंतिम 8 घंटे केवल और केवल पर्याप्त नींद एवं विश्राम के लिए निर्धारित होने चाहिए।

उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चों एवं परिवारों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोग सोने के समय मोबाइल का उपयोग कर रहे हैं, पढ़ाई के समय सोशल मीडिया में व्यस्त रहते हैं तथा परिवार के साथ समय बिताने की अपेक्षा मोबाइल पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को समय का उचित नियोजन करने, डिजिटल अनुशासन अपनाने तथा परिवार एवं शिक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी।

कार्यक्रम के समापन सत्र के मुख्य अतिथि PPP JFR राजेश अग्रवाल रहे। उन्होंने जेसीआई रायपुर संस्कार द्वारा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया।

अपने संबोधन में उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए तथा उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासित जीवन जीने एवं अपने माता-पिता के मार्गदर्शन का सम्मान करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण निर्णय से पूर्व माता-पिता से चर्चा अवश्य करनी चाहिए, क्योंकि उनका अनुभव एवं मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा प्रदान करता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जीवन लंबा नहीं, अच्छा होना चाहिए।” उन्होंने अपने जीवन के मूलमंत्र का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी, सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं पारिवारिक संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जेसी बरखा अंडानी, अध्यक्ष, जेसीआई रायपुर संस्कार ने की। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन जेसी गौरांग काचा (VP Management) के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर जेसी आदित्य टिकरिहा (IPP), जेसी एचजीएफ सीए सागर जैन (चैप्टर इंचार्ज), जेएफएम जेसीआई सेन निलेश शाह (चैप्टर कोऑर्डिनेटर), सूरज हेड़ाऊ, राघव पटेल, विक्रम दीप, प्राची प्रेमानी, अमित प्रजापति, गौरंग काचा, धनंजय प्रजापति, पवन खेमानी, अशोक वर्मा एवं गोपाल पालीवाल सहित चैप्टर के अनेक जेसी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने इसे शिक्षा, प्रेरणा एवं मनोरंजन का उत्कृष्ट संगम बताते हुए जेसीआई रायपुर संस्कार के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button