गरियाबंद

सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प पर होंगे 12 प्रमुख कार्यक्रम

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा अभियान

AINS NEWS गरियाबंद… प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस वर्ष विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक माह के अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।

भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है, लेकिन इस बार 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री के संवैधानिक पदों पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के विशेष अवसर के कारण एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से देश के प्रधान सेवक तक प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की यात्रा सेवा, समर्पण, सुशासन और दृढ़ संकल्प का उदाहरण है।

–12 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए पहुंचेगा सेवा का संदेश–
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा-मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन संवाद’ सहित 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर के साथ अभियान की शुरुआत होगी। शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत आमजन एवं लाभार्थी परिवार प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दीप जलाएंगे। 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान आयोजित होगा। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों में चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कर विकसित भारत की कल्पना को विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को नाटक एवं नुक्कड़ नाटक के जरिए गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। ‘आंगन मिलन सेवा’ में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों के सम्मान के साथ बच्चों एवं माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

–जनभागीदारी और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच पर जोर–

‘सेवा-मेरा योगदान’ के तहत 25 अलग-अलग विषयों पर जनभागीदारी से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें आमजन से श्रमदान, समयदान और अन्य माध्यमों से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों के आवेदन लिए जाएंगे और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर एवं योजनाओं की जानकारी भी इन शिविरों के माध्यम से दी जाएगी।

‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में मानव समूह एवं रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें कलाकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों और आमजन की सहभागिता होगी।

युवा वर्ग के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थी, स्टार्टअप, प्रोफेशनल्स और युवा इनोवेटर्स भाग लेंगे। शिक्षण संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क और इनक्यूबेशन सेंटरों को भी इससे जोड़ा जाएगा।

–वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी सेवा यात्रा–

श्री गुप्ता ने बताया कि युवा मोर्चा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक तथा वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लिया जाएगा।
अभियान के अंतिम प्रमुख कार्यक्रम ‘सुशासन संवाद’ के तहत पंचायती राज एवं नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक की सहभागिता के साथ विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।

–‘विकास के साथ सोच में भी आया बदलाव’–

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने केवल विकास की गति नहीं बढ़ाई, बल्कि लोगों की सोच और आत्मविश्वास में भी बदलाव आया है। युवा जॉब सीकर से जॉब गिवर बनने की दिशा में आगे बढ़े हैं और महिलाओं के लिए वुमेन-लेड डेवलपमेंट की अवधारणा को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत की अंतरराष्ट्रीय साख और सम्मान में भी वृद्धि हुई है। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का दायित्व है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता और आमजन मिलकर सेवा, सुशासन और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाएंगे तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूत करेंगे।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता बलदेव सिंह हुंदल, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक मुरलीधर सिन्हा, मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके एवं जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सोनवानी, मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा उपस्थित थे।

 

Related Articles

Back to top button