विधायक ने बंदियों से पूछा कि उन्हें भोजन, स्वास्थ्य सहित सभी निर्धारित सुविधाएं नियमित रूप से मिल रही हैं या नहीं
राजिम विधायक ने उपजेल का किया निरीक्षण, बैरकों से रसोई तक जांची व्यवस्थाएं, बाउंड्रीवाल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

AINS NEWS गरियाबंद… राजिम विधायक रोहित साहू ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित उपजेल का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न बैरकों, रसोईघर, भंडार गृह, स्टॉक रजिस्टर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।

दोपहर करीब एक बजे उपजेल पहुंचे विधायक ने सबसे पहले बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से चर्चा कर पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। बंदियों से यह भी पूछा कि उन्हें भोजन, स्वास्थ्य सहित सभी निर्धारित सुविधाएं नियमित रूप से मिल रही हैं या नहीं।
निरीक्षण के दौरान विधायक रसोईघर और भंडार गृह भी पहुंचे। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था और स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बंदियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा खाद्य सामग्री के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उपजेल प्रभारी ने विधायक को जेल की वर्तमान व्यवस्थाओं, बैरकों की स्थिति और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने उपजेल परिसर में अतिरिक्त बोर खनन कराने तथा बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों और आगंतुकों के लिए शौचालय निर्माण की आवश्यकता से भी अवगत कराया। विधायक ने जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने उपजेल परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल का भी जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एवं संबंधित इंजीनियर को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सुरक्षा और व्यवस्थागत दृष्टि से बाउंड्रीवाल का समय पर पूरा होना आवश्यक है।
निरीक्षण के बाद विधायक रोहित साहू ने कहा कि उपजेल की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। कुछ कमियां सामने आई हैं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी सुविधाएं और व्यवस्थाओं सुनिश्चित करने के निर्देश उपजेल प्रशासन की दिए है।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, महामंत्री चंद्रशेखर साहू, अजय रोहरा, सागर मयाणी, राधेश्याम सोनवानी, प्रीतम सिन्हा, सुमित पारख, सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।




