पत्रकार जीवन एस. साहू ने विधायक रोहित साहू को भेंट की छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा
छत्तीसगढ़ महतारी प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है

AINS NEWS गरियाबंद… पत्रकार जीवन एस. साहू ने सोमवार को राजिम विधायक रोहित साहू से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और अस्मिता के प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा भेंट की। इस अवसर पर जीवन एस. साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने प्रतिमा भेंट कर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विधायक रोहित साहू ने इस आत्मीय भेंट के लिए जीवन एस. साहू का आभार जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी प्रदेशवासियों की आस्था और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयास प्रेरणादायी हैं।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने पत्रकारिता के क्षेत्र में जीवन एस. साहू द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा, भाजपा आईटी सेल संभाग प्रभारी सागर मयाणी एवं मंडल अध्यक्ष सुमित पारख सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।




