छत्तीसगढ़

आवारा मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी,सड़क हादसे रोकने पुलिस का अनूठा अभियान

रात के समय जब किसी वाहन की हेडलाइट इन पट्टियों पर पड़ेगी, तो ये दूर से ही चमकने लगेंगी

AINS NEWS… बरसात का मौसम शुरू होते ही सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशी सड़क हादसों की बड़ी वजह बन जाते हैं। इन्हीं हादसों पर रोक लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक अनूठी और सराहनीय पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा क्षेत्र सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों के गले में रेडियम रिफ्लेक्टिव पट्टियां लगाई जा रही हैं।

रात के समय जब किसी वाहन की हेडलाइट इन पट्टियों पर पड़ेगी, तो ये दूर से ही चमकने लगेंगी। इससे वाहन चालकों को पहले से मवेशियों की मौजूदगी का पता चल जाएगा और वे समय रहते अपनी रफ्तार नियंत्रित कर दुर्घटना से बच सकेंगे।

पुलिस का मानना है कि इस पहल से विशेष रूप से रात और बरसात के मौसम में होने वाले सड़क हादसों में कमी आएगी। इस अभियान के दौरान पुलिसकर्मी स्वयं सड़क पर उतरकर मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां लगा रहे हैं। साथ ही पशुपालकों से भी अपील की जा रही है कि वे अपने मवेशियों को खुले में सड़कों पर न छोड़ें और उनकी जिम्मेदारी निभाएं। जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल सड़क सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों की जान बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button