RAIPUR

रायपुर में जुटेंगे प्रदेशभर के गौ सेवक, गो सम्मान आह्वान अभियान की प्रांतीय कार्यशाला में 251 तहसीलों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा

AINS NEWS… गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत आज (गुरुवार) रायपुर में प्रदेश स्तरीय प्रांतीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ की सभी 251 तहसीलों से गौ सेवक, गोसेविकाएँ, युवा, मातृशक्ति एवं सनातन समाज के प्रतिनिधि शामिल होकर आगामी 27 जुलाई को आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी गो सम्मान आह्वान अभियान की रणनीति तैयारियों एवं जनजागरण कार्यक्रम को अंतिम रूप देंगे।

*कार्यक्रम के दौरान दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे तक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी,* जिसमें पूज्य संत एवं गो सेवक आगामी राष्ट्रव्यापी अभियान, उसकी तैयारियों तथा अभियान की प्रमुख मांगों की जानकारी मीडिया के समक्ष साझा करेंगे।

27 जुलाई 2026 को देश के 790 जिला मुख्यालयों पर एक साथ व्यापक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों गौभक्त, किसान, युवा, मातृशक्ति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि संबंधित जिला प्रशासन के माध्यम से भारत सरकार के नाम प्रार्थना-पत्र सौंपेंगे। छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिला मुख्यालयों पर भी इसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अभियान की प्रमुख मांगों में गौ माता को “राष्ट्र माता” का सम्मान प्रदान करना तथा संपूर्ण भारत में केंद्रीय कानून बनाकर गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करना शामिल है। अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के विषय में जनभावनाओं को लोकतांत्रिक माध्यम से भारत सरकार तक पहुँचाना है।

कार्यशाला में अभियान की सुदृढ़ीकरण, जनसंपर्क, सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि अभियान को अधिक प्रभावी एवं जन-जन तक पहुँचाया जा सके।

कार्यक्रम में पूज्य संत श्री गोपालानन्द सरस्वती जी महाराज, पूज्य श्री रामबालक दास जी महाराज, पूज्य श्री राजीव लोचन दास जी महाराज, पूज्य श्री सुरेंद्र दास जी महाराज, पूज्य श्री रामसुन्दर दास जी महाराज, सदानी दरबार के पूज्य श्री युधिष्ठिर जी महाराज तथा पूज्य प.श्री रंजीत जी का पावन सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

पूज्य संतों एवं गो सेवकों ने प्रदेश के गौभक्तों, युवाओं, मातृशक्ति एवं सनातन समाज से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रांतीय कार्यशाला तथा आगामी राष्ट्रव्यापी गो सम्मान आह्वान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि गौ संरक्षण, गौ सुरक्षा एवं गौ सम्मान के लिए व्यापक जनसमर्थन और जनभागीदारी समय की आवश्यकता है।

 

Related Articles

Back to top button