Uncategorized

स्केटिंग के सहारे भारत भ्रमण पर निकले मुन्नार निषाद, बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए हुए रवाना

गरियाबंद में जगन्नाथ परिवार युवा बल ने किया भव्य स्वागत,10 माह में 11 हजार किलोमीटर का सफर तय

AINS NEWS गरियाबंद… स्केटिंग के माध्यम से पूरे भारत का भ्रमण कर रहे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी मुन्नार निषाद मंगलवार को अपनी यात्रा के दौरान गरियाबंद पहुंचे। भूतेश्वरनाथ चौक पर जगन्नाथ युवा बाल परिवार एवं स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं और पटाखों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।

मुन्नार निषाद ने बताया कि वे पिछले लगभग 10 महीनों से स्केटिंग के जरिए देश के विभिन्न राज्यों की यात्रा कर रहे हैं। उनकी यह अनूठी यात्रा गुजरात से शुरू हुई, जिसके बाद वे गोवा, तेलंगाना, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों का भ्रमण करते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचे। बीजापुर और गीदम से होते हुए वे गरियाबंद पहुंचे, जहां से आगे विश्व प्रसिद्ध बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए।

यात्रा के दौरान वे अब तक करीब 11 हजार किलोमीटर का सफर स्केटिंग के माध्यम से तय कर चुके हैं। उनका उद्देश्य देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन करना और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों को जागरूक करना है। वे 12 ज्योतिर्लिंग सहित देश के प्रमुख मंदिरों की यात्रा इसी माध्यम से कर रहे हैं।

मुन्नार निषाद ने कहा

“मैं उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला हूं और स्केटिंग के माध्यम से पूरे भारत की यात्रा कर रहा हूं। पिछले करीब एक महीने से मैं छत्तीसगढ़ में हूं। यहां के लोगों ने मुझे हर जगह भरपूर स्नेह दिया है। रहने और खाने की व्यवस्था भी लोगों ने अपने परिवार की तरह की। छत्तीसगढ़ के लोग बेहद मिलनसार और बड़े दिल वाले हैं। गरियाबंद में जो सम्मान मिला, उससे मैं अभिभूत हूं। ऐसा अपनापन सचमुच परिवार जैसा महसूस हुआ। मेरा उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना और 12 ज्योतिर्लिंग सहित देश के प्रमुख मंदिरों के दर्शन करना है। सच में, ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।’”

पार्षद छगन यादव ने कहा
“मुन्नार निषाद का स्केटिंग के माध्यम से पूरे भारत का भ्रमण करना अद्भुत और प्रेरणादायक है। इतनी लंबी यात्रा संकल्प, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रतीक है। गरियाबंद की पावन धरती पर उनका स्वागत करना हमारे लिए सम्मान की बात है। बाबा भूतेश्वरनाथ से प्रार्थना है कि उनकी यात्रा सफल, सुरक्षित और मंगलमय हो। ऐसे युवा देश की संस्कृति, आस्था और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।”

पप्पू सिन्हा ने कहा
“मुन्नार निषाद जैसे युवाओं का संकल्प प्रेरणादायक है। स्केटिंग के माध्यम से पूरे देश की यात्रा करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। गरियाबंद की धरती पर उनका स्वागत करना हमारे लिए गर्व की बात है। हम उनकी यात्रा की सफलता और सुरक्षित सफर की कामना करते हैं।”

लोकु सिन्हा ने कहा

“मुन्नार निषाद का साहस और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने पूरे देश में सनातन संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर यात्रा शुरू की है। गरियाबंदवासियों ने उनका दिल से स्वागत किया और हमें खुशी है कि वे बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए यहां पहुंचे।”

भव्य स्वागत के बाद मुन्नार निषाद ने सभी का आभार व्यक्त किया और विश्व प्रसिद्ध बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए अपनी स्केटिंग यात्रा पर आगे रवाना हो गए।

 

Related Articles

Back to top button