गरियाबंद

नक्सलवाद को संरक्षण देने वाली कांग्रेस का असली चेहरा एक बार फिर बेनकाब : भाजपा

दुर्दांत नक्सली हिड़मा का महिमामंडन छत्तीसगढ़ के शहीदों का अपमान, कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव बिना शर्त माफी मांगें

AINS NEWS गरियाबंद… भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा दुर्दान्त और खूँखार नक्सली कमाण्डर हिड़मा का महिमामण्डन किए जाने पर कड़ा प्रतिकार किया है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की शांति, लोकतंत्र और बस्तर में शहादत देने वाले वीर जवानों व निर्दोष आदिवासियों का घोर अपमान बताया और कांग्रेस विधायक से इस शर्मनाक कृत्य के लिए जनता और शहीदों के परिवारों से बिना शर्त माफी की मांग की है।

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यजनक और निंदनीय है कि कांग्रेस के एक जिम्मेदार विधायक उस नक्सली हिड़मा की तुलना महान विभूतियों से कर रहे हैं, जो झीरम घाटी हमले, ताड़मेटला काण्ड और बीजापुर-सुकमा के अनगिनत नक्सली हमलों का मास्टरमाइण्ड रहा है। हिड़मा ने छत्तीसगढ़ की धरती को हमारे वीर जवानों और निर्दोष आदिवासियों के खून से लाल किया है। ऐसे राष्ट्रविरोधी और नरभक्षी का महिमामण्डन करना कांग्रेस की विकृत और नक्सल-समर्थक सोच को उजागर करता है। श्री चंद्राकर ने कहा कि आज जब भाजपा सरकार बस्तर में विकास पहुँचा रही है और नक्सलियों को बैकफुट पर धकेल रही है, तब कांग्रेस नेताओं की यह छटपटाहट और नक्सलियों के प्रति हमदर्दी शर्मनाक रूप से सामने आ रही है।

चंद्राकर ने कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व से सवाल किया है कि क्या वह अपने विधायक के इस देशविरोधी बयान से सहमत हैं? यदि नहीं, तो कांग्रेस ने अब तक श्रीवास्तव पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की ? छत्तीसगढ़ की जनता नक्सलियों को ‘मसीहा’ बताने वाले इस कृत्य को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। बस्तर के जिन परिवारों ने नक्सली हिंसा में अपनों को खोया है, कांग्रेस विधायक का यह बयान उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
यदि श्रीवास्तव अविलम्ब और बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो भाजपा उनके इस कृत्य के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक उग्र प्रदर्शन करेगी।

Related Articles

Back to top button