RAIPUR

गोहत्या निषेध कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान सहित 30 से अधिक मांगों को लेकर निकलेगी प्रार्थना यात्रा

15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों वाले ज्ञापन 27 जुलाई को देशभर में सौंपे जाएंगे

AINS NEWS रायपुर… गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत 27 जुलाई को देशभर के सभी जिलों में एक साथ प्रार्थना यात्राएं निकाली जाएंगी। अभियान के अंतर्गत जिलाधीशों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्रियों को 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों वाले प्रार्थना-पत्र एवं ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

अभियान के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले छह माह से संत-महात्माओं, गोसेवकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से देशव्यापी जनजागरण एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। ज्ञापन में गोहत्या निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने, केंद्रीय गो-चारा नीति लागू करने तथा कृषि, पर्यावरण, चिकित्सा और शिक्षा से जुड़े 30 से अधिक विषयों को राष्ट्रीय नीति में शामिल करने की मांग की गई है।

रायपुर में सुबह 7:30 बजे से होगा कार्यक्रम
राज्य प्रभारी श्री भारत दास महाराज ने बताया कि रायपुर में 27 जुलाई को सुबह 7:30 बजे श्री महामाया मंदिर, पुरानी बस्ती में गोमाता पूजन, शंखनाद एवं सामूहिक “श्री राम जय राम जय जय राम” विजय मंत्र जाप के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
इसके बाद प्रार्थना यात्रा महामाया मंदिर से प्रारंभ होकर बूढ़ातालाब, इंडोर स्टेडियम, नगर निगम मुख्यालय, महिला थाना चौक और मोतीबाग चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। यहां जिलाधीश के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी, गोमाता एवं बछड़े का स्वरूप, अभियान के बैनर तथा हस्ताक्षर अभियान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया जाएगा। अभियान से जुड़े संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, किसान, युवा, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में गोभक्त शामिल होंगे।
अभियान की ओर से रायपुर सहित प्रदेश के सभी नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के इस जनजागरण अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की गई है।
यह जानकारी शनिवार को रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। प्रेस वार्ता में श्री भारत भाई महाराज, नरेंद्र गुप्ता, आदेश सोनी तथा प्रेस प्रभारी प्रवीण शर्मा उपस्थित रहे।

प्रेस प्रभारी: प्रवीण शर्मा
राज्य प्रभारी: श्री भारत दास महाराज
गो सम्मान आह्वान अभियान, छत्तीसगढ़
संपर्क: 9343523154, 6367121812

 

Related Articles

Back to top button