रायपुर – गरियाबंद मार्ग एन एच 130 अवरुद्ध : पंटोरा में भरा पानी
पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, और वाहनों की कतार

AINS NEWS गरियाबंद… पिछले 3 दिनों से प्रदेश के एक बड़े भु-भाग पर लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग द्वारा गरियाबंद, कांकेर, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बालोद, बलौदाबाजार जिलों में भारी से अतिभारी वर्षा की चेतावनी दी जा रही है। लगातार बारिश की वजह से गरियाबंद – रायपुर मार्ग एन एच 130 सी पर पंटोरा के पास सड़क में पानी भरने की वजह से आवागमन बाधित हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार इस मार्ग पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, और वाहनों की कतार लग रही है।

बता दें कि गरियाबंद से करीब 7 किलोमीटर दूर बारुका-गरियाबंद के बीच इस स्थान पर राष्ट्रीय राज्य मार्ग 130 सी के निकट पैरी नदी तथा सोंढूर नदी का संगम होता है। इस वक्त भारी बारिश और बांधो से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण नदिया उफान पर है, लिहाजा संगम स्थल पर पानी का दबाव ज्यादा होने की वजह से सड़क मार्ग पर पानी भर जाता है। स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के दोनों तरफ पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। लोगों से नदी नालों व जलभराव क्षेत्रों से दूर रहने व सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
जलाशयों में बढ़े जलस्तर और नदियों में जारी जलप्रवाह को देखते हुये जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से नदियों, नालों, पुल-पुलियों एवं जलाशयों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है। तेज बहाव वाले पानी में न उतरने तथा बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को जलाशय एवं नदी-नालों से दूर रखने की सलाह दी गई है।
निचले एवं तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।




