E-30 के पूर्व नक्सल विरोधी अभियान में शामिल जवानों से अधिकारियों ने किया सीधा संवाद
थानों में तैनाती के अनुभव और चुनौतियों पर हुई चर्चा, साइबर अपराध व कानून-व्यवस्था को लेकर दिए दिशा-निर्देश

AINS NEWS गरियाबंद… पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गरियाबंद पुलिस द्वारा पुलिस जवानों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उनकी समस्याओं के निराकरण को लेकर लगातार संवाद की पहल की जा रही है।इसी कड़ी में बुधवार 30 सितंबर 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार ऊके एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री लितेश सिंह ने पूर्व में नक्सल विरोधीअभियान में शामिल E-30 टीम के जवानों के साथ बैठक कर सीधे संवाद किया।

बैठक में E-30 टीम में कार्य कर चुके और वर्तमान में जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ जवानों से थाना स्तर पर काम करने के दौरान प्राप्त अनुभव, सामने आने वाली चुनौतियों तथा कार्य में आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने जवानों से उनके अनुभव साझा करने के साथ ही पुलिसिंग को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी लिए।
अधिकारियों ने जवानों द्वारा बताई गई समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। साथ ही वर्तमान समय में पुलिस के सामने बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए साइबर अपराधों की रोकथाम, नागरिक सुरक्षा, आमजन से बेहतर संवाद,पुलिस कार्यप्रणाली एवं कानून व्यवस्था से जुड़े दायित्वों को प्रभावी ढंग से निभाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने जवानों को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक का उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के साथ जवानों की कार्य संबंधी समस्याओं को समझना और उनके अनुभवों का बेहतर पुलिस व्यवस्था के लिए उपयोग करना रहा।




