गरियाबंद

‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, तिरंगा चौक पर फूंका चुनाव आयोग का पुतला

कांग्रेस भवन से तिरंगा चौक तक निकाला पैदल मार्च,पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई झूमाझटकी

AINS NEWS गरियाबंद… मतदाता सूची में कथित कटौती और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आज दिवस को कांग्रेस पार्टी काला दिवस मानते हुए सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस भवन में एकत्र हुए।यहां सभा के बाद कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर पैदल मार्च करते हुए तिरंगा चौक पहुंचे।

तिरंगा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार, चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। पुतला दहन के दौरान पुलिस जवानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। इस दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ और कपड़े आग की चपेट में आने से झुलस गए।
लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का दावा

पुतला दहन से पूर्व जिला कांग्रेस भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर कांग्रेस लगातार अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं। यह संघर्ष निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर आगे भी जारी रहेगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई लड़ी जा रही है। इसी कड़ी में गरियाबंद में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर सड़क पर उतरे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर जो सवाल उठाए जा रहे हैं, उनका जवाब देश की जनता चाहती है। भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का यह आंदोलन जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का माध्यम है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।

वही बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के कूट रचना के चलते बीजेपी देश में सत्ता चला रहे है,ऐसे लोगो का पर्दाफाश हमारे वरिष्ठ नेता राहुल गांधी मल्लिकार्जुन खटके और प्रियंका गांधी ने किया।पूरे देश में ये आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसका समर्थन देश का हर पार्टी कर रहा है।

इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला,विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, युगल पांडे, सेवन पुजारी,जिला उपाध्यक्ष रमेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा साहू,हेमलता सिन्हा,राजेश साहू, पार्षद छगन यादव,अवध यादव,सन्नी मेमन,आबिद ढेबर,गेंदलाल सिन्हा,ऋतिक सिन्हा,बावा सोनी के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button