दिनदहाड़े चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 9 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया
कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदी गई क्रेटा कार व दो मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जब्त

AINS NEWS… बिलासपुर पुलिस ने ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कोरबा जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने बिलासपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की 9 वारदातों और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदी गई क्रेटा कार व दो मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दोपहर के समय ग्रामीणों के खेती-किसानी या दूसरे कामों से घर से बाहर जाने का इंतजार करते थे। सूना मकान और दरवाजे पर ताला देखकर आरोपी उसे निशाना बनाते और ताला तोड़कर अंदर रखी आलमारी व पेटियों से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर पुलिस ने एसीसीयू और कोटा थाना की संयुक्त टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र तक पहुंची। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में *विनोद कुमार वासुदेव*, *भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी* और *राज प्रजापति उर्फ लल्लू* शामिल हैं। तीनों कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले भी जांजगीर जिले में वर्ष 2022-23 के दौरान दिन में चोरी के 19 प्रकरण दर्ज रहे हैं और इन मामलों में वे जेल भी जा चुके हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 10 लाख रुपये कीमत की क्रेटा कार, 1 लाख 50 हजार रुपये की बुलेट मोटरसाइकिल और 1 लाख रुपये कीमत की होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, विनोद वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदने और उसकी किस्त चुकाने की बात बताई, जबकि राज प्रजापति ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने और उसकी किस्त भरने की जानकारी दी। चोरी की रकम से संपत्ति खरीदे जाने के आधार पर पुलिस ने वाहनों को भी जब्त किया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को बिलासपुर जिले के 9 और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के एक, कुल 10 चोरी के मामलों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों की अन्य संपत्तियों और आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




