शादी के लिए रिश्ता कराने का झांसा, 53 वर्षीय ग्रामीण से 5 लाख 65 हजार 355 रुपये की ठगी
पुलिस ने चार महिलाओं और एक पुरुष समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कि

AINS NEWS… शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे नवागढ़ के एक 53 वर्षीय ग्रामीण से 5 लाख 65 हजार 355 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मोबाइल पर शादी का विज्ञापन देकर पीड़ित को महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स बताई गई पदमा से रिश्ता कराने का झांसा दिया गया।

बाद में इलाज, दुर्घटना और अन्य बहानों से रकम वसूली गई। शिकायत की जांच के बाद जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने चार महिलाओं और एक पुरुष समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी राजनांदगांव क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि नवागढ़ निवासी रेशम लाल साहू (53 वर्ष) अपने लिए शादी का रिश्ता तलाश रहे थे। इसी दौरान मोबाइल पर शादी का एक विज्ञापन आया। संपर्क करने पर उन्हें महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत पदमा नाम की युवती से रिश्ता तय कराने का भरोसा दिया गया। शुरुआती भुगतान के बाद उन्हें युवती का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया।
व्हाट्सएप चैटिंग और फोन पर बातचीत के दौरान पदमा बनकर बात करने वाली महिला ने कभी मां के इलाज, कभी खुद की बीमारी, दुर्घटना और मां की मृत्यु का बहाना बनाकर रुपये मांगे। भरोसे में आकर पीड़ित ने जमीन बेचकर मिली रकम और उधार के पैसे मिलाकर कुल 5,65,355 रुपये अलग-अलग खातों में जमा कर दिए।
जब पीड़ित ने युवती से आमने-सामने मिलने की बात कही तो वह अलग-अलग बहाने बनाने लगी। संदेह होने पर रेशम लाल साहू महासमुंद के सरकारी अस्पताल पहुंचे और पदमा के बारे में जानकारी जुटाई। वहां पदमा नाम की कोई युवती नहीं मिली।
आसपास पता करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाना जांजगीर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
साइबर पोर्टल, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की पड़ताल में आरोपितों के तार राजनांदगांव से जुड़े मिले। पुलिस के अनुसार, भूमिका रंगारी ही पदमा बनकर पीड़ित से बात करती थी। उसने अपने खाते में करीब ढाई लाख रुपये प्राप्त किए थे।
पूछताछ में भूमिका ने बताया कि वह वर्ष 2025 में लव लाइक रिश्ते मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। नौकरी छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर फर्जी संस्था चलाकर मोबाइल पर शादी के विज्ञापन देने और लोगों को विवाह का झांसा देकर पैसे लेने का काम शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, इस काम में उसके साथियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। बाकी रकम भी उनके खातों में स्थानांतरित होने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार, भूमिका रंगारी के विरुद्ध शादी के नाम पर रिश्ता कराने और पैसे लेने से संबंधित अन्य शिकायतें भी साइबर पोर्टल पर दर्ज हैं। संबंधित थानों को इसकी सूचना दी गई है। भूमिका रंगारी ही पदमा बनकर करती थी बात पुलिस ने साइबर पोर्टल, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की तो आरोपितों के तार राजनांदगांव से जुड़े मिले। पुलिस के अनुसार, भूमिका रंगारी ही पदमा बनकर पीड़ित से बात करती थी। उसके खाते में करीब ढाई लाख रुपये जमा हुए थे।




