RAIPUR

2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डी.एड. अभ्यर्थियों की महारैली

पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर अभ्यर्थियों को तूता धरना स्थल पर ही रोक दिया

AINS NEWS… वर्ष 2023 की सहायक शिक्षक भर्ती के शेष 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आज डी.एड. अभ्यर्थी तूता धरना स्थल से वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के बंगले का घेराव करने के लिए निकले। लेकिन पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर अभ्यर्थियों को तूता धरना स्थल पर ही रोक दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले 308 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

डी.एड. अभ्यर्थियों ने अपनी मांग को लेकर सीधे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को केंद्र में रखते हुए सवाल उठाया है कि जब नियुक्ति से संबंधित फाइल वित्त विभाग में लंबित बताई जा रही है, तो आखिर हजारों बेरोजगार अभ्यर्थियों को न्याय कब मिलेगा? अभ्यर्थियों के अनुसार, शेष 2300 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और दूसरी सूची जारी करने के लिए सरकार को ठोस निर्णय लेना चाहिए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक मेहनत करके परीक्षा दी, मेरिट में स्थान प्राप्त किया और शिक्षक बनने का सपना देखा। लेकिन नियुक्ति की लंबी प्रतीक्षा ने उन्हें आर्थिक संकट, मानसिक तनाव और भविष्य की अनिश्चितता में धकेल दिया है। उनके माता-पिता की उम्मीदें भी अब सरकार के निर्णय पर टिकी हुई हैं।

अभ्यर्थियों का सवाल है कि यदि भर्ती प्रक्रिया में पद शेष हैं और पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, तो उनकी मांग पर निर्णय लेने में इतनी देरी क्यों हो रही है? वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से मांग है कि वे वित्त विभाग में लंबित बताई जा रही फाइल की स्थिति स्पष्ट करें और नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल करें।

308 दिनों का आंदोलन केवल नौकरी की मांग नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, परिवारों की उम्मीदों और न्यायपूर्ण निर्णय की प्रतीक्षा की कहानी है। अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि वर्ष 2023 सहायक शिक्षक भर्ती के शेष 2300 पदों पर नियुक्ति के संबंध में स्पष्ट निर्णय लेकर दूसरी सूची जारी करने की दिशा में कार्रवाई की जाए।

अभ्यर्थियों का सवाल

“हमने पढ़ाई की, परीक्षा दी, मेरिट में स्थान पाया—फिर नियुक्ति से वंचित क्यों? वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी जी, हमारी फाइल कब आगे बढ़ेगी और हमें न्याय कब मिलेगा?”

 

 

Related Articles

Back to top button