कोरबा जिले की कलेक्टर रानू साहू ने एसईसीएल और सीआईएसएफ के अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
शुक्रवार को एसईसीएल क्षेत्र गेवरा और दीपका के कोयला खदानों का आकस्मिक निरीक्षण किया

AINS KORBA…छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की कलेक्टर रानू साहू ने शुक्रवार को एसईसीएल क्षेत्र गेवरा और दीपका के कोयला खदानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर साहू ने पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की मौजूदगी में कोयला खदानों में कोयला चोरी की शिकायत और कोयला चोरी के संबंध में वायरल विडियो के जांच के संदर्भ में कोयला खदानों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने एसईसीएल और सीआईएसएफ के अधिकारियों से खदानों में होने वाले अवैध कोयला चोरी और अवैध प्रवेश-निकास द्वारों के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने खदान क्षेत्र के अंतर्गत नरईबोध, भठोरा, रलिया और अमगांव में जाकर विभिन्न एन्ट्री और एग्जिट पॉइन्टस का अवलोकन किया। इन क्षेत्रों में कोयला चोरी रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और घेराबंदी नहीं पाया। प्राथमिक तौर पर यह एसईसीएल और सीआईएसएफ की लापरवाही है। सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेंचिंग नहीं पाये जाने पर कलेक्टर ने एसईसीएल और सीआईएसएफ के अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
उन्होंने मौके पर ही जेसीबी के माध्यम से अवैध रास्तों पर ट्रेंचिंग करवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर की मौजूदगी में ही ट्रेंचिंग का काम शुरू किया गया। कलेक्टर साहू ने अवैध कोयला उत्खनन और चोरी रोकने के लिए चिन्हाकिंत जगहों पर चेक पोस्ट बनाकर एसआई रैंक के अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश सीआईएसएफ के अधिकारियों को दिए। साथ ही ऐसे जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाकर निगरानी करने के निर्देश दिए।




