
AINS DESK…अचानक लोरमी क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह के भाजपा में प्रवेश करने की खबर से राजनीति के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वायरल खबर में यह बताया गया कि अंबिकापुर में चल रहे जनजाति सम्मेलन के दौरान श्री धर्मजीत सिंह का भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश हो गया है। वायरल खबर के अनुसार धर्मजीत सिंह के साथ इस मौके पर बड़ी संख्या में अंबिकापुर पहुंचे आदिवासियों ने भी भाजपा में प्रवेश ले लिया है।

जब इस खबर को लेकर हमने श्री धर्मजीत सिंह से जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने इस वायरल खबर पर हैरत जताते हुए कहा कि मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं तो अपने घर में बैठकर रायपुर के स्टेडियम में हो रहा न्यूजीलैंड और इंडिया का क्रिकेट मैच देख रहा हूं। वैसे यह कोई पहला मौका नहीं है जब लोरमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री धर्मजीत सिंह के भाजपा प्रवेश की खबर उड़ी हो। इसके पहले भी एक बार और उनके भाजपा प्रवेश का समाचार सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। लेकिन आज की तरह उस दिन भी खबर गलत निकली।




