कॉलोनी वासियों ने खोला बिल्डर के खिलाफ मोर्चा, मामला ग्रीन अर्थ सिटी अमलेश्वर का
कॉलोनी वासी अनिश्चितकालीन धरने पर भी जा रहे हैं, जिसकी बकायदा अनुमति अनुविभागीय दंडाधिकारी से ले ली गई है।

AINS RAIPUR….दुर्ग जिले के अमलेश्वर नगर पालिका में स्थित हाउसिंग कॉलोनी ग्रीन अर्थ सिटी में रहने वाले लोगों ने कॉलोनी के बिल्डर संजय श्रीमाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उनसे कई बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है।
जानकारी के अनुसार 2011 के प्रोजेक्ट ग्रीन अर्थ सिटी में 2023 तक कई घोषणाएं पूर्ण नहीं की गई, जैसे ग्रीन अर्थ सिटी में 25% सोलर लाइटें लगनी थी वह नहीं लगी, बाउंड्री वाल आज तक नहीं बनवाई गई, पक्का नाला अब तक नहीं बना, कॉलोनी के अंदर स्विमिंग पूल नदारत है, लैंडस्कैपिंग गार्डन नहीं है, बास्केटबॉल कोर्ट नहीं है, योगा और मेडिटेशन सेंटर का अता पता नहीं है, फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं लगाए गए हैं, तड़ित चालक भी नहीं है,


बच्चों के लिए खेल का मैदान और स्कूल भी नहीं है, क्लब हाउस जरूर है लेकिन बिल्डर का मार्केटिंग ऑफिस बना हुआ है जिसे हटाने की भी मांग की जा रही है, सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट चालू नहीं है, बैडमिंटन कोर्ट नहीं है, स्वास्थ्य सेंटर नहीं है, पोस्ट ऑफिस नहीं है। इस तरह की कई घोषणाएं अपूर्ण है जो बिल्डर द्वारा कॉलोनी निर्माण के समय की गई थी, इन सभी वादों को पूरा कराने को लेकर कॉलोनी वासी अनिश्चितकालीन धरने पर भी जा रहे हैं, जिसकी बकायदा अनुमति अनुविभागीय दंडाधिकारी से ले ली गई है।





