छत्तीसगढ़

दिव्‍यांगजनों के लिए नौकरी पाने का सुनहरा मौका, आज प्लेसमेंट कैंप में सीधे करें आवेदन

रायपुर 23 अगस्त 2023 (AINS): छत्‍तीसगढ़ के दिव्‍यांगजनों के लिए नौकरी पाने का सुनहरा मौका है। दरअसल, राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित रोजगार कार्यालय में दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्लेसमेंट कैंप आज 23 अगस्त को किया गया है। इस कैंप के माध्यम से साढ़े पांच सौ से अधिक दिव्यांगजनों को प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों और औद्योगिक संस्थानों में नौकरी मिल सकेगी।

इस विशेष प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से टेक महिंद्रा कंपनी, रियल इस्पात एंड पावर लिमिटेड, शांता टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड, अलंकार एलाय प्राइवेट लिमिटेड, सफायर ट्रेड विंग्स प्राइवेट लिमिटेड, टच स्टोन टैली सविर्सेस प्राइवेट लिमिटेड और बालाजी डिस्ट्रीब्यूटर्स द्वारा दिव्यांगजनों की भर्ती की जाएगी।

दिव्यांगजनों को इन कंपनियों में कम्प्यूटर आपरेटर, कस्टमर केयर एक्जीक्यिूटिव, नर्सिंग स्टाफ, डाटा एंट्री आपरेटर, सुपरवाइजर, क्लर्क जैसे पदों पर चयन का अवसर मिलेगा। इसमें 18 से 35 साल की उम्र और दसवीं कक्षा से स्नातक उतीर्ण दिव्यांगजन इस प्लेसमेंट कैंप में शामिल हो सकते हैं। जिनका कार्य क्षेत्र रायपुर एवं भिलाई रहेगा। चयनित अभ्यर्थियों को 12 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिल सकेगा।

प्लेसमेंट कैंप की आयोजक उप संचालक रोजगार शशि अतुलकर ने बताया कि इस प्लेसमेंट कैंप में केवल दिव्यांग अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे। अभ्यर्थियों को स्वयं के व्यय पर शामिल होना होगा। इसके लिए कोई भत्ता देय नहीं होगा। शिविर में आवेदकों को जिला रोजगार पंजीयन कार्ड, जिला चिकित्सा बोर्ड द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र, शिक्षा एवं आयु से संबंधित प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, जाति प्रमाण पत्र और पासपोर्ट आकार के दो फोटो भी लेकर आना होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए विशेष रोजगार कार्यालय के फोन नम्बर 0771-4044081 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button