राष्ट्रीय

श्रावणी मेले के दौरान एक दर्दनाक हादसा, भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से सात कांवरियों की मौत

भीड़ का दबाव इतना अधिक हो गया कि वहां भगदड़ मच गई

AINS NEWS… बिहार के जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र में सावन के चौथे सोमवार को श्रावणी मेले के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाबा सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से सात कांवरियों की मौत हो गई, जिनमें छह महिलाएं शामिल हैं। इस हादसे में 25 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार देर रात से ही चौथी सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बराबर पहाड़ पर स्थित बाबा सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जमा होने लगी थी। भीड़ का दबाव इतना अधिक हो गया कि वहां भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में छह महिलाओं सहित सात लोगों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई।

घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और घायलों को हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

सावन के पवित्र महीने में इस दुखद घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की घोषणा की है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

 

Related Articles

Back to top button