फेंगल के असर से मौसम बदलने लगा, असर के कारण हवाओं की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक
चक्रवात फेंगल आज शाम तक तटीय क्षेत्र से टकराएगा

AINS NEWS… बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान फेंगल शनिवार दोपहर पुडुचेरी के पास तट से टकरा सकता है। चक्रवाती तूफान फेंगल का लैंडफॉल पुडुचेरी में आज शाम तक होने का अनुमान है। हालांकि, इससे पहले ही फेंगल के असर से मौसम बदलने लगा है, जिसके कारण समुद्री तट पर उथल-पुथल साफ तौर पर देखने को मिल रही है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगी हैं। मौसम विभाग ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक फेंगल के असर के कारण हवाओं की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।

चक्रवात फेंगल के प्रभाव से कई तटीय क्षेत्रों में समुद्र में उथल-पुथल और तेज़ हवाएं देखी गईं। इसमें ज्वार और बारिश शामिल है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात फेंगल आज शाम तक तटीय क्षेत्र से टकराएगा।
भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने कहा कि चक्रवाती तूफान फेंगल बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में अक्षांश 11.8°N और देशांतर 81.7°E के पास चेन्नई से लगभग 210 किमी दक्षिण-पूर्व में है। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 30 नवंबर की दोपहर को चक्रवाती तूफान के रूप में पुडुचेरी के पास कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों को पार करेगा, जिसकी हवा की गति 70-80 किमी प्रति घंटे से लेकर 90 किमी प्रति घंटे तक होगी।




