रेड की सूचना लीक होने के आरोप और शक़ के बाद लोकायुक्त में नई नियुक्तियां
पूर्व आरटीओ कांस्टेबल सौरभ शर्मा पर लोकायुक्त के छापों की गूंज

AINS NEWS… मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व आरटीओ कांस्टेबल सौरभ शर्मा पर लोकायुक्त के छापों की गूंज दो हफ्ते बीत जाने के बाद भी सुनाई दे रही. वहीं, अब रेड की सूचना लीक होने के आरोप और शक़ के बाद लोकायुक्त में नई नियुक्तियां कर दी गई हैं. रविवार शाम को लोकायुक्त में 6 इंस्पेक्टर और 27 कांस्टेबलों की पोस्टिंग हुई है. बता दें कि तीन दिन पहले ही लोकायुक्त में लंबे समय से पदस्थ 4 डीएसपी, 6 इंस्पेक्टर और 24 आरक्षकों का तबादला कर दिया गया था.

रविवार को जारी आदेश के मुताबिक, जबलपुर में पदस्थ इंस्पेक्टर सक्तूराम मरावी, मंडला में पदस्थ इंस्पेक्टर शशिकला मस्कुले, रतलाम के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार भोजक, इंदौर में पदस्थ इंस्पेक्टर आनंद चौहान, पांढुर्ना में पदस्थ इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव और ग्वालियर में पदस्थ कार्यवाहक निरीक्षक बलराम सिंह को लोकायुक्त संगठन भोपाल भेजा गया है.
बता दें कि मध्य प्रदेश की लोकायुक्त पुलिस की ओर से गई छापेमारी में सौरभ शर्मा के ठिकानों से 234 किलो चांदी और करोड़ों रुपए कैश मिले थे. इसके बाद सौरभ के सहयोगी की कार से इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को 54 किलो सोना और 10 करोड़ रुपए नकद मिले थे. फिलहाल सौरभ फरार है.



