राजनीति

केजरीवाल ने सभी को मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने का आदेश दिया, आतिशी ने इस्तीफा सौंप दिया

भाजपा को अपने सारे वादे पूरे करने का दबाव बनाने की रणनीति बनाई गई

AINS NEWS… दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को नवनिर्वाचित विधायक सहित दूसरे नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के दौरान केजरीवाल ने सभी को मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने का आदेश दिया। साथ ही पार्टी को आगे मजबूत रखने को कहा।

बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों को एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के साथ-साथ उन्हें अपने क्षेत्र की जनता की सेवा में जुटने का निर्देश दिया गया है। आम आदमी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा अपने वादे के अनुसार पहली कैबिनेट बैठक में महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह देने की स्कीम पास कर 8 मार्च तक उनके खाते में डाले। हम भाजपा की जवाबदेही भी तय करेंगे कि दिल्लीवालों को 200 यूनिट बिजली, सभी सुविधाओं के साथ सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और अस्पतालों में सुविधाएं पहले की तरह मिलती रहेगी। इस बैठक में सांसद संजय सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व सांसद डॉ. संदीप पाठक और दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय समेत अन्य नेता शामिल हुए।

आतिशी ने कहा कि चुनाव परिणामों को लेकर अभी विश्लेषण जारी है। इसमें पार्टी के हार के कारणों पर चर्चा होगी। पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है। इस चुनाव में कुछ निष्पक्ष नहीं हुआ। वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजीव झा ने कहा कि केजरीवाल के साथ बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में सभी नेताओं ने भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। दिल्ली में पार्टी की मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने और भाजपा को अपने सारे वादे पूरे करने का दबाव बनाने की रणनीति बनाई गई।

आम आदमी पार्टी की हुई करारी हार के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने रविवार को उपराज्यपाल एलजी वीके सक्सेना को इस्तीफा सौंप दिया। मुख्यमंत्री पद से आतिशी के इस्तीफे स्वीकार करने के बाद उपराज्यपाल ने सातवीं दिल्ली विधानसभा को भंग कर दिया। वहीं, नई सरकार के गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उधर, भाजपा अभी भी आधिकारिक तौर पर सीएम के चेहरे पर बात नहीं कर रही है। प्रदेश पदाधिकारियों का कहना है कि विधान मंडल दल की बैठक में जल्द ही इसका फैसला होगा।

 

Related Articles

Back to top button