रेलवे का बड़ा फैसला, अब काउंटर टिकट पर भी 10 लाख का बीमा
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 27 अक्टूबर यानी कल से यह व्यवस्था लागू हो रही है

AINS NEWS… अब तक रेलवे की वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना का लाभ मुख्य रूप से ऑनलाइन ई-टिकट बुक करने वाले यात्रियों को मिलता था। लेकिन अब रेलवे ने इस सुविधा का विस्तार करते हुए इसे PRS आरक्षण काउंटरों से टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए भी उपलब्ध कराने का फैसला किया है। 27 अक्टूबर से यात्री काउंटर पर टिकट बुक कराते समय अपनी इच्छा के अनुसार बीमा का विकल्प चुन सकेंगे।

इसके लिए निर्धारित फॉर्म में बीमा लेने की सहमति देना, मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना और डिजिटल माध्यम से प्रीमियम का भुगतान करना अनिवार्य होगा। रेलवे के मुताबिक, बीमा लेने वाले यात्रियों के मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए पॉलिसी और बीमा संबंधी जानकारी भेजी जाएगी। इस योजना के तहत निर्धारित शर्तों के अधीन मृत्यु या स्थायी पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में 10 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा। वहीं, स्थायी आंशिक दिव्यांगता के लिए साढ़े सात लाख रुपये तक का प्रावधान है।
यह सुविधा पात्र कन्फर्म, RAC और आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। हालांकि, बीमा लेना अनिवार्य नहीं है, बल्कि यात्री अपनी जरूरत और इच्छा के अनुसार इसका विकल्प चुन सकते हैं।
रेलवे की इस पहल से अब ऑफलाइन टिकट लेने वाले यात्रियों को भी कम खर्च में अतिरिक्त सुरक्षा का विकल्प मिलेगा। महज 45 पैसे के प्रीमियम पर 10 लाख रुपये तक का बीमा कवर, निश्चित तौर पर यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है। बीमा लेने से पहले पॉलिसी की शर्तों और पात्रता की जानकारी जरूर जांच लें।




