दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र आज से, आतिशी होंगी नेता प्रतिपक्ष
जनता की गाढ़ी कमाई का हिसाब पिछली सरकार को देना होगा : रेखा गुप्ता

AINS NEWS… दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू होगा। दोनों पार्टियों ने सत्र के मद्देनजर अपनी रणनीति तय करने के लिए रविवार को अपने-अपने विधायक दल की बैठक की। 25 फरवरी को काफी समय से लंबित कैग की 14 रिपोर्ट पेश की जाएंगी। सत्र 27 फरवरी तक चलेगा, जिसमें 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर कार्यवाही स्थगित रहेगी। सोमवार को सभी विधायकों को प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली शपथ दिलाएंगे। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता को स्पीकर पद के लिए चुना जाएगा। इसी तरह उपाध्यक्ष पद का भी चुनाव होगा। इस पद के लिए भाजपा ने अपने वरिष्ठ विधायक मोहन सिंह बिष्ट का नाम तय किया है।

पहली बार विधानसभा को संबोधित करेंगे एलजी
25 फरवरी को सत्र का दूसरा दिन होगा। सबसे पहले उपराज्यपाल वीके सक्सेना मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पहली बार विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद कैग की 14 रिपोर्ट भी रखी जाएंगी। कई रिपोर्ट 2016 से पेंडिंग हैं जिनमें दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण मसले हैं। विशेष रूप से इन रिपोर्ट में दिल्ली के आबकारी विभाग से जुड़े तथ्यों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिसमें शराब घोटाले के आरोपों की संभावना है। इसके अलावा, डीटीसी, मोहल्ला क्लीनिक, स्वास्थ्य विभाग और पब्लिक अंडरटेकिंग्स से जुड़ी रिपोर्ट भी पेंडिंग हैं।




