दिल्ली से रायपुर आई इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण दरवाजा ही नहीं खुला, 40 मिनट तक अंदर फंसे रहे यात्री
फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के कई बड़े नेता मौजूद थे

AINS NEWS… रायपुर – अहमदाबाद में हाल ही में हुए विमान हादसे की दहशत अभी लोगों के ज़ेहन से निकली भी नहीं थी कि छत्तीसगढ़ में एक और एयर सेफ्टी को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली से रायपुर आई इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण दरवाजा ही नहीं खुला और यात्री करीब 40 मिनट तक अंदर फंसे रहे।इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के कई बड़े नेता मौजूद थे, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक चातुरी नंद और रायपुर की मेयर मीनल चौबे शामिल हैं। हालाँकि, सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन एयरलाइन की तकनीकी व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।

मंगलवार को दिल्ली से रायपुर आई इंडिगो की फ्लाइट ने रायपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग तो कर ली, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट का दरवाज़ा नहीं खुल सका। करीब 40 मिनट तक सभी यात्री विमान के अंदर ही फंसे रहे। इस दौरान कई लोग घबराने लगे। अहमदाबाद फ्लाइट हादसे की वजह से लोगों में पहले से ही डर बना हुआ था, ऐसे में कई यात्रियों की धड़कनें तेज हो गईं। फ्लाइट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद थे, जो हरियाणा में मेयर कॉन्फ्रेंस से लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि दरवाज़ा नहीं खुलने की वजह संभवतः एयरोब्रिज या सीढ़ी के समय पर नहीं पहुंचने से हुई। रायपुर की मेयर मीनल चौबे ने बताया कि प्लेन लैंड कर चुका था, लेकिन गेट लॉक होने से यात्री बाहर नहीं निकल सके। वहीं, कांग्रेस विधायक चातुरी नंद के अनुसार उनके पति इस दौरान घबरा गए थे। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन विमान सेवा में लगातार सामने आ रही तकनीकी खामियों ने एयर ट्रैवल की सुरक्षा पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।




