घर से नाग-नागिन सहित 35 छोटे सांप मिलने से हड़कंप, सांपों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला और जंगल में छोड़ दिया
घटना के बाद ग्रामीणों में कौतूहल और आस्था दोनों देखने को मिली

AINS NEWS… राजधानी से सटे आरंग क्षेत्र के देवरी गांव में एक घर से नाग-नागिन सहित 35 छोटे सांप मिलने से हड़कंप मच गया। इस अनोखी घटना के सामने आने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोग इसे आस्था से जोड़ते हुए भगवान शिव के जयकारे लगाने लगे और कहा कि “भोलेनाथ स्वयं प्रकट हुए हैं”।

गांव के रहने वाले इंद्रकुमार साहू ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके घर में दो छोटे सांप दिखाई दिए थे। उन्होंने उन्हें सामान्य मानकर बाहर छोड़ दिया। लेकिन जैसे-जैसे दिनों में संख्या बढ़ती गई, उन्होंने स्थानीय सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को बुलाया।
विशेषज्ञों ने जब घर के एक कमरे के फर्श की जांच की तो उसमें खोखलापन महसूस हुआ। फर्श की टाइल्स हटाकर खुदाई की गई तो सबकी आंखें फटी रह गईं। गड्ढे में एक नर और मादा सांप के साथ 35 छोटे सांप मिले। यह पूरा सांपों का कुनबा दो कमरों तक फैला हुआ था।
रेस्क्यू टीम ने सभी सांपों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला और जंगल में छोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में कौतूहल और आस्था दोनों देखने को मिली।




