छत्तीसगढ़

सूरजपुर जिले के भटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही का मामला, महिला ने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दिया

प्रसव विभाग में ड्यूटी पर तैनात नर्स बिना सूचना के गायब थी और फोन भी बंद था

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शनिवार को 30 वर्षीय गर्भवती महिला कुंती बाई को प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां न तो ड्यूटी नर्स मौजूद थी और न ही डॉक्टर। चार घंटे तक दर्द से तड़पने के बाद महिला ने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दिया।

परिजनों के मुताबिक, कुंती बाई को भैयाथान ब्लॉक के असना ढोढ़ी गांव से सास इंजोरिया बाई अस्पताल लेकर आई थीं। प्रसव विभाग में ड्यूटी पर तैनात नर्स बिना सूचना के गायब थी और फोन भी बंद था। ड्यूटी डॉक्टर का फोन भी बंद मिला।

फर्श पर ही कराना पड़ा प्रसव

स्टाफ की गैरमौजूदगी में कुंती बाई की सास ने खुद प्रसव कराया। खून से सनी फर्श को भी परिजनों ने ही साफ किया और नवजात को बेड पर रखा। बच्चा प्रीमैच्योर है और उसका इलाज जारी है।

करीब चार घंटे बाद दूसरी ड्यूटी डॉक्टर साक्षी सोनी पहुंचीं और कहा कि उन्हें घटना की सूचना नहीं दी गई थी। बीएमओ डॉ. राकेश सिंह ने शुरू में कहा कि “मेरे बस में कुछ नहीं है”, बाद में जांच का आश्वासन दिया।

CMHO ने दी कार्रवाई की चेतावनी

सूरजपुर CMHO डॉ. कपिल देव पैकरा ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है। उन्होंने कहा कि सोमवार को जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी हो चुके ऐसे मामले

इससे पहले सरगुजा और अंबिकापुर जिले में भी अस्पताल में फर्श पर प्रसव के मामले सामने आ चुके हैं। सरगुजा मामले में हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया था, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ।

 

Related Articles

Back to top button