राजनीति

मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत कांग्रेस की पत्रकार वार्ता, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने केंद्र सरकार पर किया तीखा हमला

भाजपा सरकार लगातार मनरेगा के बजट में कटौती कर रही है

AINS NEWS… मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के अंतर्गत शहर एवम ग्रामीण जिला काँग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस भवन, गांधी मैदान में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस पत्रकार वार्ता को छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने संबोधित किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पूर्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सुनियोजित तरीके से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा से महात्मा गांधी के नाम को हटाने की साजिश न केवल राष्ट्रपिता का अपमान है, बल्कि ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के अधिकारों पर सीधा हमला है।

श्री साहू ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार की गारंटी, न्यूनतम मजदूरी और सम्मानजनक जीवन का आधार है। लेकिन केंद्र सरकार द्वारा लाई जा रही तथाकथित वीबीजी राम जी योजना के माध्यम से मनरेगा की मूल भावना को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह नई योजना मनरेगा के संवैधानिक अधिकारों को खत्म कर, ठेकेदारी व्यवस्था और मनमानी को बढ़ावा देगी।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार लगातार मनरेगा के बजट में कटौती कर रही है, मजदूरी भुगतान में देरी हो रही है और राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाला जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर घट रहे हैं। यह गरीब विरोधी और मजदूर विरोधी नीति कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।

पूर्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर करने के हर प्रयास का सड़कों से लेकर संसद तक विरोध करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए, योजना में किए गए सभी जनविरोधी बदलाव रद्द किए जाएं और ग्रामीण मजदूरों के काम व मजदूरी की पूरी गारंटी सुनिश्चित की जाए।

अंत में उन्होंने कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के माध्यम से कांग्रेस पार्टी जनता को जागरूक करेगी और गरीब, किसान एवं मजदूरों के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।

इस पत्रकार वार्ता में शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा अनिता शर्मा शैलेश नितिन त्रिवेदी सकलेन कामदार पंकज शर्मा नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी सुमित दास प्रशांत ठेंगड़ी देव कुमार साहू अशोक ठाकुर दीपा बग्गा अन्नूराम साहू दाऊलाल साहू माधव साहू जयंत साहू बंशी कन्नौजे उपस्थित थे।

 

Related Articles

Back to top button