गरियाबंद

ओपेरा की आड़ में अ#श्लील डांस मामला: आखिरकार एसडीएम तुलसीदास मरकाम किए गए निलंबित

आयोजकों ने प्रचार के लिए ‘ओडिशा की सनी लियोनी’ बताकर एक डांसर को बुलाया और अश्लील अंदाज में वीडियो जारी कर भीड़ जुटाई

AINS NEWS गरियाबंद…  देवभोग विकासखंड के ग्राम उरमाल में ओपेरा की आड़ में अश्लील डांस कार्यक्रम के मामले में आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कमिश्नर महादेव कांवरे ने कार्यक्रम की अनुमति देने वाले मैनपुर एसडीएम तुलसीदास मरकाम को निलंबित कर दिया है। जांच में पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई कि नियमों के विरुद्ध अश्लील डांस की अनुमति दी गई थी। गंभीर बात यह रही कि एसडीएम न केवल आयोजनों को अनुमति देने में दोषी पाए गए, बल्कि स्वयं आयोजन में शामिल होकर प्रशासन की छवि को भी नुकसान पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उरमाल में 6 दिवसीय ओपेरा का आयोजन किया गया था। मनोरंजन के नाम पर गांव के कुछ युवकों की समिति ने इसके लिए एसडीएम से अनुमति ली थी। लेकिन आयोजन के तीसरे दिन, 7 जनवरी से मंच पर खुलेआम अश्लीलता परोसी जाने लगी। आयोजकों ने प्रचार के लिए ‘ओडिशा की सनी लियोनी’ बताकर एक डांसर को बुलाया और अश्लील अंदाज में वीडियो जारी कर भीड़ जुटाई।

8 जनवरी से कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने लगी। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब 9 जनवरी को स्वयं एसडीएम तुलसीदास मरकाम आयोजन स्थल पर पहुंच गए। बताया जाता है कि आयोजकों ने उनके लिए आगे की सीट आरक्षित कर रखी थी। रात 11 बजे से तड़के 3 बजे तक मंच पर अर्धनग्न अवस्था में डांसरों द्वारा अश्लील नृत्य चलता रहा। पंडाल के भीतर अफसरों, पुलिस कर्मियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जमकर पैसे उड़ाए गए और माहौल पूरी तरह बेकाबू रहा।

10 जनवरी को इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। मामले में दो पुलिस कर्मियों को लाइन अटैच किया गया। हालांकि शुरुआत में आयोजन की अनुमति देने वाले और कार्यक्रम में शामिल रहे एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई से प्रशासन ने दूरी बनाए रखी।

मामला मीडिया में उजागर होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा। जांच दल गठित किया गया और रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने पर कमिश्नर ने एसडीएम तुलसी दास मरकाम को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई को प्रशासन की साख बचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button