पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से युवक की मौत, 50 लाख मुआवजे व दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस का काली मंदिर स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय घेराव

AINS NEWS… पीडब्ल्यूडी विभाग की गंभीर लापरवाही के कारण सड़क पर बनाए गए गड्ढे में गिरकर निर्दोष युवक मुन्ना यादव की मौत के मामले को लेकर आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में काली मंदिर,आकाशवाणी के निकट स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर पीडब्ल्यूडी विभाग, पुलिस प्रशासन एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण के लिए बीच सड़क पर गहरा गड्ढा खोद दिया गया, लेकिन न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई, न चेतावनी बोर्ड लगाए गए और न ही रात के समय लाइट की व्यवस्था की गई। इस घोर लापरवाही के कारण एक गरीब, मेहनतकश युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही से हुई हत्या है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्पष्ट मांग है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित निर्माण एजेंसी पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक युवक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को कुछ राहत मिल सके।
श्री कुमार शंकर मेनन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद से अब तक पीड़ित परिवार से कोई भी अधिकारी, कर्मचारी या निर्माण एजेंसी का प्रतिनिधि मिलने तक नहीं गया, जो सरकार और प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है। सरकार की यह बेरुखी अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी और सड़कों पर उतरकर संघर्ष जारी रखेगी।
*स्काईवाक को लेकर रखी माँग*
काँग्रेस नेताओ ने कहा की निर्माणाधीन स्काईवाक और फुट ओवरब्रिज में भी यदि इसी तरह की लापरवाही बरती गई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसी किसी भी घटना की पूरी जिम्मेदारी शासन और संबंधित विभागों की होगी। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि जनता की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे सभी निर्माण कार्य दिन में बंद कर रात के समय कराए जाएं, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान कुलदीप जुनेजा, पंकज शर्मा, सुबोध हरितवाल, आकाश तिवारी, एजाज ढेबर, मनोज कंदोई, शिव सिंह ठाकुर, दिलीप चौहान, सुनील कुकरेजा, जयंत साहू, देवेंद्र यादव, बाकर अब्बास, अजीत कुकरेजा, अमित नायडू, देव कुमार साहू सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।




