ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर गरियाबंद के मनीष चंद्राकर और दर्शना यादव छत्तीसगढ़ टीम में चयनित
राष्ट्रीय मंच पर जिले का नाम रोशन करने को तैयार दोनों खिलाड़ी

AINS NEWS… पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के तत्वावधान में 19 से 23 फरवरी 2026 तक “द्वितीय ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025-26” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 28 एवं महिला वर्ग की 14 टीमें भाग ले रही हैं।

इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ पुलिस हैंडबॉल टीम भी पूरे उत्साह के साथ भाग ले रही है। खास बात यह है कि इस टीम में गरियाबंद जिले के दो पुलिस जवानों का चयन हुआ है, जिससे जिले में हर्ष और गर्व का वातावरण है। चयनित खिलाड़ियों में आरक्षक मनीष चंद्राकर (थाना फिंगेश्वर) एवं आरक्षक दर्शना यादव (थाना अजाक) शामिल हैं, जो वर्तमान में गरियाबंद पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
छत्तीसगढ़ पुरुष हैंडबॉल टीम का नेतृत्व कोच जगमईया राव, प्रमोद रावत एवं सूरज बहादुर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। टीम सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) पहुंच चुकी है और प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार है।
आरक्षक मनीष चंद्राकर लगातार 4 बार पुलिस खेलों में तथा लगभग 30 बार राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें पुलिस टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं आरक्षक दर्शना यादव तीसरी बार पुलिस खेलों में हिस्सा ले रही हैं और पूर्व में भी कई राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर चुकी हैं। दोनों खिलाड़ी वर्तमान में भिलाई स्थित प्रशिक्षण शिविर में गहन अभ्यास कर रहे हैं।
गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा—
“गरियाबंद जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि हमारे दो पुलिस जवान राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मनीष चंद्राकर और दर्शना यादव ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन से यह उपलब्धि हासिल की है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वे इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि गरियाबंद पुलिस बल न केवल कानून-व्यवस्था में बल्कि खेलों के क्षेत्र में भी अपनी सशक्त पहचान बना रहा है।




