क्राइम

20 हजार की सुपारी किलिंग का हुआ खुलासा, 5 आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से सभी आरोपियों को धर दबोचा

AINS NEWS… कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में अपराध की तस्वीर अब और खतरनाक होती नजर आ रही है। गांव की रंजिश और चुनावी दुश्मनी ने ऐसा रूप ले लिया कि एक इंसान की जान की कीमत महज ₹20 हजार लगाई गई। थाना लोहत्तर पुलिस ने आज बुधवार काे  इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 साजिशकर्ता और 2 सुपारी किलर शामिल हैं।

घटना 24 – 25 अप्रैल की दरमियानी रात की है, जब ग्राम तुमरीसुर निवासी लालजी पुडो शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और हाथ पर गंभीर वार कर उन्हें मृत समझकर आरोपी फरार हो गए। जांच में जो सामने आया, वह और भी चौंकाने वाला है। गांव में बढ़ते प्रभाव और पुरानी रंजिश के चलते अनिल पुडो, राजेश उर्फ राकेश आंचला और मनसा नेताम ने मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके लिए भानुप्रतापपुर के रोहित जैन और भुरू उर्फ दिनेश को ₹20 हजार की सुपारी दी गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से सभी आरोपियों को धर दबोचा। घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए गए हैं।

यह मामला सिर्फ एक हमले का नहीं, बल्कि समाज में पनप रही उस खतरनाक मानसिकता काे दर्शाता है, जहां इंसानी जिंदगी की कीमत कुछ हजार रुपयों में तय की जा रही है। पुलिस ने भले ही आरोपियों को पकड़ लिया हो, लेकिन सवाल अभी भी वहीं खड़ा है, कि क्या अब गांव की रंजिशें सीधे ‘सुपारी किलिंग’ तक पहुंच चुकी हैं?

 

Related Articles

Back to top button