मृतक के खाते से 30 लाख की हेराफेरी, पुलिस की निष्क्रियता से परेशान विधवा ने एसएसपी से लगाई गुहार
मृत्यु के बाद भी खाते से कई बार में बड़ी रकम निकाली गई

AINS NEWS… रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से एक गंभीर वित्तीय फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जहां एक मृत व्यक्ति के बैंक खाते से लगभग 30 लाख रुपये का अवैध आहरण कर लिया गया। मामले में स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता से हताश पीड़िता ने अब एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता सिरमती राठिया, ग्राम केराखोल (तमनार तहसील) की निवासी हैं। उनके पति स्वर्गीय धनुर्जय राठिया का खाता घरघोड़ा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में था। पति की मृत्यु 9 जून 2020 को हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी उनके खाते से कई बार में बड़ी रकम निकाली गई। यह पूरा मामला एक सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है।

पीड़िता ने 23 मई 2025 को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन करीब 11 महीने बीत जाने के बाद भी न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही कोई ठोस जांच की गई। इससे निराश होकर उन्होंने 15 अप्रैल 2026 को रायगढ़ एसएसपी को ज्ञापन सौंपा।पीड़िता ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गबन की गई राशि की जांच की मांग की है। अब सबकी नजर एसएसपी की कार्रवाई पर टिकी है कि पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।




