RAIPUR

आदतन आरोपी राजा बैझड़ और उसका साथी विवेक दुबे गिरफ्तार

चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी और 36 हजार 600 रुपये की लूट की

AINS NEWS… राजधानी रायपुर में हथियार के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को मौदहापारा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदतन आरोपी राजा बैझड़ और उसका साथी विवेक दुबे शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद इलाके में उनका जुलूस भी निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों में भय पैदा करने और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के तौर पर देखा जा रहा है।

मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कल्लू गैरेज के पास मौदहापारा का निवासी है और मुंबई मार्केट इलाके में फल का ठेला लगाकर अपना जीवन यापन करता है। युवक ने बताया कि वह 9वीं तक पढ़ाई कर चुका है और रोजाना की तरह 11 मई 2026 की रात लगभग 10:20 बजे दुकान बंद कर दिनभर की बिक्री की रकम 36 हजार 600 रुपये लेकर अपने घर लौट रहा था।

पीड़ित के अनुसार जैसे ही वह महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी की दुकान के करीब पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद राजा बैझड़ अपने तीन अन्य साथियों के साथ होंडा बाइक और एक्टिवा में पहुंचा। राजा बैझड़ उसके पिता का पुराना परिचित होने के कारण युवक बिना किसी शक के रुक गया। आरोप है कि राजा ने उसे अल्ताफ नामक युवक का घर दिखाने के बहाने अपने साथ गली की ओर ले गया।

गली में पहुंचते ही आरोपी और उसके साथियों ने युवक को चारों तरफ से घेर लिया। शिकायत के मुताबिक एक आरोपी ने पीछे से उसका गला पकड़ लिया जबकि दो अन्य ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसी दौरान राजा बैझड़ और उसके एक साथी ने युवक को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी पैंट की जेब में रखे 36 हजार 600 रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपने साथ लाए बाइक और एक्टिवा से मौके से फरार हो गए।

10वीं 12वीं पास बच्चों के उज्जवल भविष्य का सुनहरा अवसर, डिप्लोमा/पोस्ट डिप्लोमा कर नौकरी की 100% गारंटी

घटना के बाद डरा-सहमा युवक किसी तरह वहां से निकला और सबसे पहले अपने परिचित अल्ताफ खान को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरी बात बताई और फिर मौदहापारा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले जिसके आधार पर मुख्य आरोपी राजा बैठक उर्फ राजा बैझड़ और उसके साथी विवेक दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का इलाके में जुलूस निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में लूट, चाकूबाजी और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button