पुलिस का खौफ, नक्सली ही नहीं सटोरिये पिंटू हलवाई ने भी किया सरेंडर
व्हाट्सएप कॉल और यूपीआई से चला रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा

AINS NEWS… रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन अंकुश” का बड़ा असर देखने को मिला है। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई आखिरकार पुलिस के बढ़ते दबाव के आगे झुक गया और खुद एसएसपी कार्यालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपी ने अपराध छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की बात कही है।

दरअसल, रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑनलाइन सट्टा और जुआ कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की दबिश, तकनीकी जांच और लगातार गिरफ्तारियों के बाद सट्टा नेटवर्क से जुड़े आरोपी लगातार दबाव में थे। इसी बीच मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई ने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिंटू हलवाई, जो चांदमारी रायगढ़ का रहने वाला है, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित करता था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी पत्नी, भतीजे और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर व्हाट्सऐप कॉल और यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहा था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि पुलिस कार्रवाई के डर से वह रायगढ़ छोड़कर उत्तराखंड भाग गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया था। लेकिन रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के चलते उसने खुद सामने आकर सरेंडर करना बेहतर समझा।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 और 7 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी से नकदी भी जब्त की है।
“ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के लिए सुधार का अवसर खुला है, लेकिन चेतावनी के बाद भी अपराध में लौटने वालों पर रायगढ़ police की कार्रवाई और ज्यादा कठोर होगी।”
फिलहाल रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।




