स्कूल चलो अभियान रैली के माध्यम से बच्चों ने दिया शिक्षा का संदेश, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम बना प्रेरणा
लोगों को बच्चों के नामांकन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया

AINS NEWS… शासन के “स्कूल चलो अभियान” को जन-जन तक पहुंचाने एवं शाला त्यागी तथा अप्रवेशी बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड गरियाबंद के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला, ग्राम सढ़ौली में सामुदायिक भागीदारी के साथ जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग, समर्पित (एक्सेस टू जस्टिस), एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन तथा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के संयुक्त सहयोग से किया गया।

रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिक्षा के महत्व एवं शासकीय विद्यालयों में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया। रैली गांव की प्रमुख गलियों एवं मोहल्लों से होकर निकली तथा लोगों को बच्चों के नामांकन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि शासन द्वारा शासकीय विद्यालयों में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही सभी अभिभावकों से अपने बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय में नामांकन एवं उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई। आकांक्षी ब्लॉक गरियाबंद में 100% नामांकन एवं शाला त्यागी बच्चों की संख्या शून्य करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, नीति आयोग आकांक्षी फेलो, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट तथा समर्पित (एक्सेस टू जस्टिस) की पूरी टीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत ऐसी जागरूकता गतिविधियों से गरियाबंद जिले को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।




