भूतेश्वरनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पारागांव पुल से टकराई, बड़ा हादसा टला
बारिश के बीच अनियंत्रित हुई बस; सभी यात्री सुरक्षित, सड़क पर लगा लंबा जाम

AINS NEWS… गरियाबंद के प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस रविवार को पारागांव पुल के पास हादसे का शिकार हो गई। बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार सावन माह के चलते भूतेश्वरनाथ धाम में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस जब पारागांव पुल के पास पहुंची, तभी बारिश के कारण सड़क और पुल के आसपास की जमीन फिसलन भरी होने से चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस पुल से जा टकराई।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी श्रद्धालु को चोट नहीं आई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बस को हटाने के साथ सड़क पर लगे जाम को खुलवाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने यातायात को सुचारु करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की और कुछ समय बाद आवागमन सामान्य कराया।
बारिश के मौसम और सावन में बढ़ती श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और फिसलन वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।




