गरियाबंद

रथयात्रा के दिन से झमाझम बारिश का दौर जारी, हरियाली से महका गरियाबंद

खेत-खलिहान लबालब, किसानों के चेहरे खिले, पर्यटन स्थलों पर उमड़ रही भीड़, शहर में जलभराव से बढ़ी परेशानी

AINS NEWS/जीवन एस साहू/गरियाबंद… रथयात्रा के दिन से जिले में शुरू हुई मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है। पिछले दो दिनों से हो रही झमाझम वर्षा ने पूरे जिले को हरियाली की चादर से ढक दिया है। खेत-खलिहान पानी से लबालब भर गए हैं और चारों ओर हरियाली का मनमोहक नजारा दिखाई दे रहा है। समय पर और लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खरीफ फसलों की बुवाई और धान की रोपाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है तथा किसान इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए हुए हैं।

लगातार हो रही बारिश ने जहां कृषि को नई उम्मीद दी है, वहीं शहर में लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी है। गरियाबंद नगर की मुख्य सड़कों सहित कई निचले इलाकों में बारिश का पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को जलभराव के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगी हैं।

जिले के तालाब, नदी-नाले और जलाशयों में भी पानी की अच्छी आवक हुई है। इससे भूजल स्तर में सुधार की उम्मीद बढ़ी है और आने वाले दिनों में सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था को भी इसका लाभ मिलेगा।

बारिश के कारण मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है। तेज गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है तथा सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलने से वातावरण खुशनुमा बना हुआ है।

छुट्टी के दिनों में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल—जतमई, घटारानी, चिंगरा पगार, देवधारा, सिकासार जलाशय, भूतेश्वरनाथ और अन्य प्राकृतिक स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। झरनों का बढ़ा हुआ जलप्रवाह और चारों ओर फैली हरियाली लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। परिवारों और युवाओं की बड़ी संख्या इन प्राकृतिक स्थलों का आनंद लेने पहुंच रही है।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा अनावश्यक जोखिम न उठाने की अपील की है।

लगातार हो रही बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है, वहीं गरियाबंद की प्राकृतिक सुंदरता भी अपने पूरे शबाब पर है। जिले में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।

 

Related Articles

Back to top button