राजिम

राजिम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ

97 प्रकार की विभिन्न जांच अब निःशुल्क एक ही स्थान पर हो सकेंगी

AINS NEWS… गरियाबंद जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजिम में क्षेत्रवासियों की बेहतर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का लोकार्पण संपन्न हुआ। इस आधुनिक यूनिट के प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों को संक्रामक बीमारियों की त्वरित निगरानी, आधुनिक लैब जांच और बेहतर प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं का सीधा लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधानसभा क्षेत्र के रोहित साहू रहे,साथ में राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू,पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर नवनिर्मित यूनिट का लोकार्पण किया।​कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही जिनमें प्रमुख रूप से जनपद अध्यक्ष श्रीमती इन्द्राणी नेहरू साहू,जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदनी ओंकार साहू, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पुर्णिमा चन्द्राकर,सुश्री छाया राही वरिष्ठ भाजपा नेत्री व सदस्य, जीवन दीप समिति,तुषार कदम पार्षद, नगर पालिका परिषद् राजिम, सोमनाथ पटेल सदस्य जीवन दीप समिति,कुलेश्वर साहू जी सदस्य जीवन दीप समिति आदि मौजूद रहे।
​​मुख्य अतिथि विधायक श्री रोहित साहू जी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के शुरू होने से राजिम क्षेत्र के स्वास्थ्य परिदृश्य में बड़ा बदलाव आएगा। इस हेल्थ यूनिट में 97 प्रकार की विभिन्न रक्त एवं स्वास्थ्यगत जांचें अब निःशुल्क होगी जिसका विस्तृत रिपोर्ट भी 24 घंटे के अंदर मरीजों के पंजीकृत मोबाईल नंबर पर मिल जाएगी। ये सभी जांच अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से बहुत ही कम समय में अस्पताल में ही हो सकेंगी। इसके अलावा डेंगू, मलेरिया, डायरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का डेटा तुरंत एकत्र कर उन पर त्वरित नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी और स्थानीय मरीजों को अब छोटी-मोटी जांचों और प्राथमिक इलाज के लिए बड़े शहरों या निजी पैथोलॉजी लैब के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस यूनिट के शुभारंभ से ब्लॉक स्तर पर ही बीमारियों का रुझान देखकर समय रहते आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। कार्यक्रम को भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू,पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव आदि ने भी संबोधित किया। ​समारोह के अंत में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पधारे हुए सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ यूएस नवरत्न,बीएमओ डॉ स्नेहलता हुमने, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा,एल्डरमैन मधु नत्थानी,देवकी साहू,लक्ष्मी श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

*विधायक रोहित साहू ने ली जीवनदीप समिति की बैठक, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने दिए निर्देश*
स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जीवनदीप समिति की एक महत्वपूर्ण प्रबंधन बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक रोहित साहू ने की। बैठक में क्षेत्र के आम नागरिकों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं, अस्पताल के रखरखाव, दवाइयों की उपलब्धता और प्रशासनिक प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने स्पष्ट किया कि अस्पताल आने वाले हर मरीज को गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज मिलना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था और रोशनी का उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक साहू ने कहा कि अस्पताल में आने वाला मरीज उम्मीद लेकर आता है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों का व्यवहार उनके प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। इलाज या दवाइयों की कमी के कारण किसी मरीज को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बैठक के प्रमुख रूप से अस्पताल में आवश्यक और जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीजों को बाहर से दवाइयां न खरीदनी पड़ें। एक्स-रे, पैथोलॉजी लैब और अन्य जांच उपकरणों को दुरुस्त रखने तथा बंद पड़े उपकरणों को जल्द चालू करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा अस्पताल परिसर, वार्डों और शौचालयों की नियमित एवं बेहतर सफाई के लिए प्रबंधन को निर्देशित किया गया। बैठक में समिति के कोष का पारदर्शी उपयोग कर अस्पताल के विकास कार्यों में तेजी लाने पर सहमति बनी। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी,जीवनदीप समिति के नामित सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button