धमतरी

धमतरी जिले में डकैती का सनसनीखेज खुलासा, गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कुरुद पुलिस ने डकैती के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सड़क किनारे सो रहे एक युवक के साथ मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन और एक्टिवा लूट ली थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है।

मामला 11 जुलाई की रात करीब 2 बजे का है। कुरुद थाना क्षेत्र के छाती गांव निवासी विमल देशलहरे मगरलोड जाने के दौरान ग्राम मंदरौद मोड़ के पास राजू फर्नीचर के सामने सड़क किनारे सो रहे थे। इसी दौरान सफेद स्विफ्ट कार में पहुंचे बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और 9 हजार रुपये नकद, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा एक्टिवा लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कुरुद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से डकैती की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद कर ली गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लूटी गई एक्टिवा को ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव में छिपाकर रखा गया था, जिसे भी बरामद कर लिया गया। जांच में पांच से अधिक आरोपियों की सक्रिय भूमिका सामने आई, जबकि कुछ आरोपियों ने लूट के सामान को छिपाने और उसके परिवहन में सहयोग किया। दस्तावेजी, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अनुज ध्रुव, भूपेश ध्रुवशी, संजय विश्वकर्मा, राजेंद्र निषाद, योगेंद्र यादव, तीरथ यादव, अमन लंगोटे और पुरान रात्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button