नगर पालिका परिषद गरियाबंद के पांच नवनियुक्त एल्डरमैन ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
जनहित और नगर विकास के लिए मिलकर काम करने का लिया संकल्प

AINS NEWS… नगर पालिका परिषद गरियाबंद में नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। गरियाबंद के नवनियुक्त पांच एल्डरमैनो ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। पीठासीन अधिकारी एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी हितेश्वरी बाघे ने नवनियुक्त एल्डरमैन को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही नवनियुक्त एल्डरमैन ने नगर के विकास, जनहित और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में राजिम के पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता मुरलीधर सिन्हा, पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बिंदु सिन्हा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, घनश्याम सिन्हा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मिलेश्वरी साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संध्या वर्मा सहित पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नवनियुक्त एल्डरमैन सरला उइके, गुलेश्वरी ठाकुर, रितेश यादव, सेवक निषाद, योगेंद्र सिन्हा ने नगर पालिका परिषद के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि एल्डरमैन के रूप में मिली जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते हुए नगर के विकास को गति देने तथा आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उसका लाभ दिलाने की बात प्रमुखता से रखी है।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों सहित जनप्रतिनिधियों ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने कहा कि नगर पालिका परिषद में एल्डरमैन की नियुक्ति से परिषद के कार्यों में जनप्रतिनिधित्व और अधिक मजबूत होगा। नगर के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को परिषद के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने में एल्डरमैन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त एल्डरमैन का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का समापन नगर विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।




