राजिम

छात्राओं का हंगामा, प्राचार्य पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय परिसर में मटन बनाया और खाया जाता है तथा चपरासी से बर्तन धुलवाए जाते हैं

AINS NEWS… पीएम श्री शासकीय हरिहर आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय गोबरा-नवापारा में शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्राएं विद्यालय गेट के सामने धरने पर बैठ गईं और प्राचार्य फाकरा खानम दानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्राओं ने प्राचार्य पर मानसिक प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार, अनुचित वसूली और डराने-धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए।

छात्राओं का कहना है कि शिकायत करने पर उन्हें कक्षा से निष्कासित करने, प्रायोगिक परीक्षा में अंक नहीं देने और असफल कर देने की धमकी दी जाती है। उनके अनुसार, लगातार मानसिक दबाव बनाया जाता है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया, कि उनके चरित्र पर अनुचित टिप्पणियां की जाती हैं तथा पालकों के लिए भी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जाता है।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि *500* रुपये नियमित शुल्क के अलावा *500* रुपये अतिरिक्त विद्यालय की व्यवस्थाओं के नाम पर लिए जाते हैं, लेकिन इस अतिरिक्त राशि की कोई रसीद नहीं दी जाती। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय परिसर में मटन बनाया और खाया जाता है तथा चपरासी से बर्तन धुलवाए जाते हैं। इस पर प्राचार्य फाकरा खानम दानी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा- *मैंने स्कूल में मटन नहीं खाया और न ही चपरासी से बर्तन धुलवाए हैं*।

हंगामे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को समझाइश देकर शांत कराया और सभी को विद्यालय के अंदर भेजा, जिससे माहौल सामान्य हुआ।प्राचार्य फाकरा खानम दानी ने कहा कि विद्यालय में अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कुछ छात्राओं को अनुशासनहीनता के कारण पांच दिनों के लिए निलंबित किया गया था, जिन्हें अब वापस ले लिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि शनिवार को पालकों की बैठक बुलाकर पूरे मामले पर चर्चा की जाएगी। मौके पर पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने छात्राओं से चर्चा कर मामले की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन करते हुए आगे भी छात्रों के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। अब पूरे मामले में शिक्षा विभाग की जांच और पालकों की बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

EBIX कंपनी का मालिक विकास गर्ग न्यायिक रिमांड में भेजा गया जेल

Related Articles

Back to top button